Breaking News

MLM News - राजस्थान में ठगी करने वाली दो और कंपनियां

 राजस्थान में निवेशकों से तीन सौ करोड़ रुपये लेकर भागी गोल्ड सुख कंपनी के बाद अब राजस्थान में ठगी के दो नए मामले उजागर हुए हैं। निवेश के नाम पर लोगों को फंसाने को लेकर विवाद में आई इन दो कंपनियों में जयपुर की प्रिया परिवार और धौलपुर की गोल्ड रेखा शामिल हैं। प्रिया परिवार द्वारा करीब एक सौ करोड़ रुपये के
घोटाले का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रिया परिवार के एक निवेशक ने इसके निदेशक महेश नूनिया और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने कंपनी का कुछ रिकॉर्ड जब्त कर लिया है। कुछ अन्य पीडि़तों ने कंपनी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कंपनी के तीन लाख से ज्यादा सदस्य हैं। प्रिया मामले में बिशन सिंह ने थाने में दर्ज कराए गए मामले में कहा है कि कंपनी ने अलग-अलग स्कीमों में तीन से चार साल में निवेश का मोटा मुनाफा देने की बात कही थी।
छोटे निवेशकों से ठगी करने वाली दूसरी कंपनी धौलपुर की गोल्ड रेखा है। निवेशकों की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पैलेस रोड स्थित गोल्ड रेखा कंपनी ने लोगों को झांसा देकर जिले सहित आसपास के क्षेत्र के करीब 300 सदस्य बनाए हैं। वह 6-6 हजार रुपये लेकर साढ़े तीन साल में 1 लाख 67 हजार रुपये देने का दावा करती थी। कंपनी ने नेटवर्किग के जरिए पैसा लौटने की बात कही। बाद में सदस्यों को कुछ भी नहीं दिया। पुलिस ने कंपनी के मैनेजर नेत्रपाल सिंह और उनके सहयोगी मनोज सोनी को हिरासत में ले लिया। राजस्थान के पुलिस महानिदेशक हरीश मीणा ने बताया कि दोनों मामलों की जांच जारी है

No comments