Chitfund News चिटफंड कंपनियों ने हड़पे 124 करोड़
रायपुर। विधानसभा में बुधवार को चिटफंड कंपनियों द्वारा गरीबों को लूटने का मामला कांग्रेस विधायक मोतीलाल देवांगन ने उठाया। प्रश्नकाल के जरिए कांग्रेस विधायकों ने इस मामले में सरकार को घेरने की कोशिश की। जवाब में गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने बताया कि 96 प्रकरणों में चिटफंड कंपनियों ने 3717 व्यक्तियों को धोखा दिया है और 1 अरब 24 करोड़ 7 लाख की राशि हड़पी है। इन मामलों में 174 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 73 प्रकरणों में न्यायालय में चालान पेश किया गया है। वहीं 16 प्रकरण विवेचना में लंबित हैं। साक्ष्य के अभाव में 7 प्रकरणों में खात्मा भेजा गया है। ी पैकरा ने कहा कि इस मामले में रायपुर से लेकर दिल्ली तक छापे मारे गए हैं। उन्होंने चिटफंड कंपनियों की जांच के लिए विशेष सेल गठित करने की बात कही।
प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक मोतीलाल देवांगन ने जानना चाहा कि 2009 से 2013 तक कितनी चिटफंड कंपनियों के खिलाफ एफआईआर की गई है। कितनी राशि हड़पी
गई है। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक से लाइसेंस की जरूरत होती है, लेकिन कई चिटफंड कंपनियों ने बिना लाइसेंस के काम शुरू कर लिया, इसके बावजूद सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि 124 करोड़ गबन के बाद आखिर कितनी चिटफंड कंपनियों पर कार्रवाई हुई है और भविष्य में सरकार की क्या योजना है? कांग्रेस विधायक भूपेश बघेल ने पूछा कि 174 आरोपी जो गिरफ्तार किए गए हैं, उनमें कितने डायरेक्टर हैं और कितने से वसूली करके जनता को राशि लौटाई गई है? कांग्रेस विधायकों ने सदन में हंगामा करने की कोशिश की ।
तीन कंपनियों के खिलाफ शिकायत, जांच जारी
कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने लिखित प्रश्न में जानना चाहा कि राजनांदगांव, दुर्ग और रायुपर में कितनी चिटफंड कंपनियों ने राशि नहीं लौटाई है और इस पर सरकार क्या कार्रवाई कर रही है? गृहमंत्री ने लिखित जवाब में बताया कि राजनांदगांव में सांई प्रकाश प्रॉपर्टी डेवलपर्स लिमिटेड एवं किम फ्यूजर विजन लिमिटेड कंपनी और एचबीएन डेयरी एण्ड एलाइड लिमिटेड से संबंधित 3 शिकायतें मिली हैं। रायुपर में एचबीएन डेयरी एण्ड एलाइड एण्ड एचबीएन फूड्स लिमिटेड कंपनी के खिलाफ 1 शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि दुर्ग में एक भी शिकायत नहीं मिली है। ी पैकरा ने कहा कि इन प्रकरणों में जांच जारी है।
बनेगा सख्त कानून-रमन
सदन में मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने चिटफंड कंपनियों द्वारा लोगों को धोखा दिए जाने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जहां पर उद्योग स्थापित हो रहे हैं और लोगों को मुआवजा मिल रहा है, वहां पर चिटफंड कंपनियां गतिविधियां संचालित कर रही हैं। कई मामलों में विभाग ने कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर गठित सेल को सक्रिय किया जा रहा है। इस मामले में सख्त कानून बनाएंगे। Source -jagran.com navdunia.com
No comments
Post a Comment